आगराएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल आगरा में पार्टी की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने आज आगरा आगमन पर कहा कि INDIA एलायंस आने वाले चुनावों में भाजपा को हराएगा। चुनाव परिणाम हमारे पक्ष में आएंगे। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल यहां महानगर उपाध्यक्ष रिज़वान रईसउद्दीन के आवास पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है। हर व्यक्ति को वोट का अधिकार है। वर्तमान में स्थिति ऐसी है कि लोग बेरोजगार हैं, उनके हाथ में काम नहीं। यह भाजपा की गलत नीतियों का परिणाम है। देश में जितने भी समाजवादी विचारधारा के लोग हैं, उन्होंने हमेशा गरीब, मजदूर और किसानों के हित में काम किए हैं। समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को सपा आगे बढ़ा रही है। हमारा देश अधिक जनसंख्या वाला है। इसलिए यहां हर हाथ में काम देने के लिए कुटीर उद्योगों को बढ़ावा मिलना चाहिए लेकिन भाजपा सरकार नीतियों से कुटीर उद्योग उजड़ गए। भाजपा सरकार में बेरोजगारी बढ़ रही है लोग परेशान हैं।

सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का स्वागत करते सपा कार्यकर्ता।
हर बूथ पर काम कर रहा सपा कार्यकर्ता
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि सपा का हर कार्यकर्ता बूथ स्तर पर काम कर रहा है। हर जिले में सपा के प्रशिक्षण शिविर चल रहे हैं। सपा के पूर्व प्रदेश सचिव अवनींद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव, सपा नेता राजपाल यादव, उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव, सपा नेता नितिन कोहली, पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल, हाजी हीरो, धारा सिंह यादव आदि ने उनका स्वागत किया।