हाथरस40 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
थाना परिसर में धरने पर बैठकर नारेबाजी करते भाजपाई।
हाथरस के मुरसान में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की पुलिसकर्मियों ने पिटाई की। इससे आक्रोशित भाजपाई थाने पहुंच गए और थाने पर ही पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। देर रात तक थाने के अंदर भाजपाइयों का धरना जारी है और पुलिस के खिलाफ थाने के अंदर ही धरने पर बैठकर नारेबाजी कर रहे हैं।
कस्बा मुरसान में कुछ युवक एक मिठाई की दुकान पर चेकिंग करने के लिए आए और इन युवकों ने अपने आप को फूड विभाग का निरीक्षक बताया। इस दौरान वहां भाजपा के मुरसान मंडल उपाध्यक्ष हमबीर सिंह भी आ गए। उन्होंने शक जताते हुए यह कहा कि वह फूड विभाग से नहीं है और फर्जी तरीके से उगाही करने के लिए आए हैं। भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों की भाजपा नेता से ही कहासुनी हो गई।
भाजपा नेता का आरोप है कि पुलिस ने उनको जमकर पीटा और वहां से घसीटते हुए थाने तक ले गई। इसके बाद थाने में भी उसकी जमकर पिटाई की और कई घंटे तक थाने में बंद रखा। इसकी जानकारी मुरसान कस्बे के अन्य भाजपाइयों को हुई तो वह भी थाने पहुंच गए और उन्होंने थाने को घेर लिया।
पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी
भाजपा नेताओं के हंगामा करने पर पुलिस ने मंडल उपाध्यक्ष को तो छोड़ दिया, लेकिन इसके बाद थाना परिसर में भाजपाई आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। देर रात तक भाजपाई इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाना परिसर में धरने पर बैठे रहे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडे का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। इस मामले में जो भी पुलिसकर्मी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।