हसनपुर11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमरोहा के हसनपुर तहसील क्षेत्र में बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश से एक मज़दूर का मकान गिर गया। जिससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं भारी बारिश के चलते एक मजदूर के मकान की दीवार गिर गई। लगातार हो रही बारिश से गांव से लेकर शहर तक के मुख्य मार्ग जलमग्न हो गए। जिससे वाहन चालकों तथा राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि हसनपुर तहसील क्षेत्र में बुधवार की सुबह करीब 3 बजे से हो रही लगातार बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त है। लगातार सुबह से हो रही बारिश से गांव सिरसा कलां मुस्तकम निवासी रोहित रावत पुत्र नरेश रावत का मकान भराकर गिर गया। जिससे घर में रखा जरूरी सामान अनाज, बर्तन, रजाई गद्दे, फर्नीचर, सेफ अलमारी, अनाज की कोठी समेत लाखों रुपए का सामान दबकर नष्ट हो गया।

मकान गिरने से नहीं हुई कोई जनहानि
रोहित रावत मजदूरी करने के लिए बाहर गया हुआ था। घर पर उनकी पत्नी छाया तथा बच्चे मौजूद थे। गनीमत रही कि इस दौरान कोई चपेट में नहीं आया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, रहरा की मढैंया नई बस्ती निवासी फखरुद्दीन के घर के रास्ते की तरफ की दीवार भरभराकर गिर गई। जिससे पीड़ित को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है।

बारिश से भरभराकर गिरा मकान
पीड़ित मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता है। दोनों ही मामलों में राजस्व प्रशासन को इसकी सूचना दी गई है। लगातार कई दिनों से भीषण गर्मी के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब बारिश के चलते लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है।