आगरा13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
आगरा में मकान ढहने के बाद मलबा हटवाया गया। नगर निगम यहां और जर्जर मकानों की सूची तैयार कर रहा है।
उत्तर प्रदेश में मानसून के आखिरी दौर का असर दिख रहा है। बीते 24 घंटे से कानपुर और लखनऊ में बारिश जारी है। बुधवार को बारिश के बीच आगरा में एक जर्जर मकान ढह गया। मकान में लंबे समय से कोई रहता नहीं था। वहीं आगरा में जगह-जगह सड़कें धंसने की भी सूचना है।
कानपुर में 13 घंटे से रुक-रुककर बारिश जारी है। ऐसे में कानपुर का एशिया का सबसे बड़ा नाला ओवरफ्लो होने से पुल तक डूब गया। लखनऊ के भी निचले इलाके में जलभराव की सूचना है। बिजनौर, अयोध्या और बरेली में भी बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की बात करें तो बुधवार को उत्तर प्रदेश के 42 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 25 अगस्त तक बादल मेहरबान रह सकते हैं। आज पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों को बारिश सराबोर करने वाली है।

ये सभी तस्वीरें कानपुर की हैं। जगह-जगह जलभराव हुआ। जूही अंडरपास पूरी तरह से डूब गया।
जर्जर मकान ढहा, गनीमत रही कि खाली था
आगरा में मंगलवार दोपहर से शुरू हुई बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। आगरा के थाना शाहगंज चौराहे पर रात करीब 9 बजे बारिश के चलते बंद पड़ा मकान ढह गया। तेज आवाज के साथ मकान गिरने से आस-पास के लोग दहशत में आ गए। सभी लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया है कि मकान कई सालों से बंद पड़ा था। इसमें कोई रहता नहीं था। रख-रखाव के अभाव में भवन जर्जर हो गया था। वहीं, रात भर हुई बारिश के चलते कालिंदी विहार में सड़क धंस गई।

आगरा में अलग-अलग जगह पर सड़कें धंस गईं। इससे हादसे होने का खतरा पैदा हो गया।
कानपुर में पानी के सभी चैनल खोले, सीसामऊ नाला गंगा में गिरता रहा
कानपुर में हुई मानसून की मूसलाधार बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। भारी बारिश के चलते जूही अंडर पास पूरी तरह से डूब गया। एशिया का सबसे बड़ा सीसामऊ नाला ओवरफ्लो हो गया। पानी का फ्लो अधिक होने की वजह से सभी चैनल खोल दिए गए। इसके चलते गंगा में सीसामऊ नाला गिरता रहा।
मंगलवार को यूपी में औसत से 5% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। 26 जिलों में बारिश दर्ज की गई। औसत 7.30 के मुकाबले 7.70 मिमी. बारिश मौसम विभाग ने दर्ज की। बारिश के चलते बरेली में न्यूनतम तापमान 25.2 और बिजनौर में अधिकतम तापमान यूपी में सबसे कम 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कानपुर का ये विजुअल मंगलवार का है। लाल इमली रोड पर जलभराव होने से सड़क पर चलना मुश्किल हो गया।
चक्रवात यूपी में बारिश करवा रहा
CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक 25 अगस्त तक यूपी में बारिश होती रहेगी। दरअसल, मध्य प्रदेश और आस-पास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर चल रही है और अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ को एक ट्रफ के रूप में देखा जा रहा है। यही चक्रवात यूपी में बारिश करा रहा है। इसका असर पूर्वी यूपी में ज्यादा देखने को मिलेगा।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, लखीमपुर, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, संभल, आगरा, हाथरस, झांसी, ललितपुर, रायबरेली, अयोध्या, अमेठी, अंबेडकरनगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, बलिया, महाराजगंज, सुल्तानपुर, बांदा, फतेहपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर में भारी से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग ने शामली, मेरठ, अमरोहा, संभल, बदायूं, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, आगरा, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र और गाजीपुर में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में हुई मूसलाधार बारिश
जिला | बारिश (मिमी.) |
बिजनौर | 34.0 |
गोरखपुर | 39.0 |
हरदोई | 12.0 |
मुरादाबाद | 15.0 |
सुल्तानपुर | 51.0 |
झांसी | 03.0 |
अब आपको मंगलवार को बारिश के कुछ रंग दिखाते हैं…

अयोध्या के पटेल नगर कॉलोनी में बारिश के बाद जलभराव हो गया। दिन में भी अंधेरा छा गया।

यह फोटो अयोध्या की है। यहां बारिश के पानी में बस फंस गई। यात्रियों को पैदल ही जाना पड़ा।

यह फोटो कानपुर महापौर प्रमिला पांडे के घर के पास की है। तेज बारिश के चलते यहां पर जलभराव हो गया है।

कानपुर नाला रोड के 12 से ज्यादा नाले ओवरफ्लो हो गए हैं। इसके चलते दुकानों में भी पानी भर रहा है।
अब आपको बीते 24 घंटे का मौसम भी पढ़वाते हैं…
कानपुर में मूसलाधार-बारिश, मेयर के घर के पास पानी भरा: लखनऊ में 12 घंटे से हो रही बरसात, अयोध्या में रामपथ पर हुए गड्ढे

यूपी में मौसम ने मंगलवार को एक बार फिर से करवट ली है। कानपुर में आधे घंटे से मूसलाधार बारिश हो रही है। साथ ही तेज हवाएं चल रही हैं। शाम 5 बजे ही अंधेरा छा गया। बारिश से महापौर प्रमिला पांडे के घर के पास और दूसरे इलाकों में जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूरी खबर पढ़िए…