अलीगढ़4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
आरोपी पर कार्रवाई के बाद डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है।
अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कालेज में चल रही जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल 5 दिन बाद खत्म हो चुकी है। सोमवार को देर रात तक डॉक्टरों और एएमयू के अधिकारियों की बैठक हुई, जिसके बाद आरडीए ने हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया।
जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल खत्म करने क बाद मेडिकल कालेज की व्यवस्थाएं दुबारा पटरी पर आनी शुरू हो गई हैं। लगातार 5 दिनों तक डॉक्टरों की हड़ताल चलने के कारण आमजनों को काफी परेशानी हो रही थी। दूर दराज से मरीज यहां आ रहे थे और उन्हें हड़ताल के कारण वापस लौटना पड़ रहा था।
डॉक्टरों से छात्र ने की थी अभद्रता
जेएन मेडिकल कालेज में बीते दिनों एक व्यक्ति ने जूनियर डॉक्टरों से अभद्रता और मारपीट की थी। जिसके बाद सभी रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे और लगातार आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उन्होंने मेडिकल कालेज की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की थी।
डॉक्टरों की इस हड़ताल के कारण मेडिकल कालेज की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी और आमजनों को परेशानी हो रही थी। जिसके बाद एएमयू मैनेजमेंट ने डॉक्टरों की मांगों को मानने का आश्वासन दिया है। आरडीए के पदाधिकारियों संग हुई बैठक में एएमयू के अधिकारियों ने कालेज की सुरक्षा बढ़ाने और डॉक्टरों को अलग से सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामला हुआ शांत
बीते दिनों मेडिकल कालेज में एक आरोपी ने डॉक्टरों के साथ अभद्रता की थी। डॉक्टरों का कहना था कि आरोपी खुद को एएमयू स्टूडेंट बता रहा था और उसने उनसे मारपीट की। जिसके बाद से ही डॉक्टर लगातार गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे और हड़ताल पर थे।
सोमवार को आरोपी छात्र की गिरफ्तारी होने के बाद डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म की। हालांकि गिरफ्तारी के बाद ही न्यायालय ने आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया है। लेकिन कानूनी कार्रवाई शुरू होने के बाद डॉक्टरों ने उच्च अधिकारियों के समझाने पर अपनी हड़ताल खत्म कर दी।