पानीपत10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हरियाणा में पानीपत के तहसील कैंप स्थित विकास नगर में एक मकान की तीसरी मंजिल से नीचे गिरने से एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। दरअसल, व्यक्ति देर रात करीब 1 बजे लघु शंका करने के लिए उठा था। नींद के वजह वह सीढ़ियों की बजाय छज्जे पर जा पहुंचा और नीचे गिर गया। नीचे गिरते ही उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
राहगीरों ने मचाया शोर, पुलिस को बुलाया
जानकारी देते हुए रविंद्र नाथ ने बताया कि वह तहसील कैंप के विकास नगर का रहने वाला है। वह मूल रूप से यूपी के गोरखपुर जिला के गांव अही रौली टोला, कूडिया बसियाखोर का रहने वाला है। विकास नगर स्थित उसके मकान में उसके गांव से चचेरा भाई मक्कूर निषाद(45) समेत करीब 15 अन्य जानकार किराए पर रहते हैं। ये पिछले कई महीनों से यही पर रह रहे है।
सभी दिहाड़ी-मजदूरी का काम करते हैं। मक्कूर निषाद मार्बल पत्थर रगड़ाई का काम करता था। बीती रात सभी रोजाना की तरह खाना खाकर घर की तीसरी मंजिल स्थित छत पर सोने गए थे। रात को करीब 1 बजे मक्कूर लघु शंका करने के लिए उठा था।
लेकिन नींद में अचानक वह सीढ़ियों की बजाय छज्जे की ओर आ गया और अचानक नीचे गिर गया। नीचे से गुजर रहे राहगीरों ने शोर मचाकर मकान मालिक को उठाया। साथ ही पुलिस को सूचित किया। जब तक बाकी सभी परिचित उतर कर नीचे आए तो देखा कि उसकी मौत हो चुकी थी।