मऊएक मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पहली फुटेज अभिमन्यु की नानी की है, जबकि दूसरी में वह थाने में सरेंडर करने जा रहा था। तीसरी फुटेज द्वारा सिंह पर स्याही फेंकने के दौरान की है।
चेहरे पर फुल कॉन्फिडेंस, चाल में तेजी और लगातार अपने कारनामे पर सफाई देने वाला ये युवक अभिमन्यु यादव है…। ये वही अभिमन्यु है, जो रविवार को भाजपा नेता दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने के बाद भाग गया था। फिर सोमवार को खुद थाने पहुंचा…सरेंडर करने। उसका कहना है, भाजपा नेता प्रिंस यादव के कहने पर यह सब किया था।
आज इस खबर में हम आपको स्याही फेंकने वाले इसी अभिमन्यु यादव के बारे में सब कुछ बताएंगे। उसके घर के हालात, पढ़ाई और लोगों की उसको लेकर क्या सोच है, इसकी जानकारी देंगे।
दरअसल, इस घटना के बाद दैनिक भास्कर की टीम अभिमन्यु के गांव अदरी मोड़ पहुंची। वहां हमें अभिमन्यु की दादी और उसका एक पड़ोसी मिला। उन्होंने हमें अभिमन्यु के बारे में बहुत कुछ बताया, लेकिन पहले एक नजर स्याही कांड पर।
स्याही फेंकने से लेकर सरेंडर करने तक क्या-क्या हुआ, पढ़िए

स्वागत कार्यक्रम के दौरान दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकी गई थी।
मऊ में रविवार को घोसी उपचुनाव में बीजेपी कैंडिडेट दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकी गई। वह प्रचार करने थाना सराय लखांशी क्षेत्र के अदरी गांव पहुंचे थे। कार से उतरने पर कार्यकर्ता उनका स्वागत कर रहे थे, तभी उन पर एक युवक ने स्याही फेंक दी। सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में युवक स्याही फेंककर फरार हो गया था।
स्याही फेंकने वाला युवक सोमवार को खुद ही सुबह 8.45 बजे पैदल चलता हुआ कोपागंज थाने पहुंचा। कुछ कैमरामैन भी उसके साथ थे। उसने थाने में सरेंडर करने से पहले कहा, “ये सब बीजेपी नेता की चाल है। बीजेपी नेता प्रिंस यादव ने बोला कि तुम फेंक दो, हम लोगों का चुनाव फंस रहा है। इसी वजह से मैंने स्याही फेंक दी। उन लोगों ने कहा था कि तुमको बचा लेंगे। स्याही फेंकने के मामले में मैं अकेले ही था।”

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ अभिमन्यु का फोटो।
इस मामले में सपा-भाजपा आमने-सामने आ गए
थाने पहुंचने पर पुलिस ने आरोपी अभिमन्यु यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, इस पूरे मामले ने फिर से पार्टियों को एक-दूसरे पर आरोप लगाने का मौका दे दिया। पार्टियों में ट्वीट वार शुरू हो गया।
सपा-भाजपा नेता आमने-सामने आ गए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद मामले को लेकर ट्वीट किए। वहीं, दारा सिंह चौहान ने आरोपी के भाजपा नेता प्रिंस यादव का नाम लेने पर उनका बचाव किया।
अब हम आपको ले चलते हैं अभिमन्यु यादव के गांव अदरी

ये अभिमन्यु का गांव है। गांव की सड़कें कच्ची हैं। मकान भी आधे बने हुए हैं।
शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर अभिमन्यु का गांव पड़ता है। गांव की सड़कें कहीं कच्ची, तो कहीं पक्की बनी हुई हैं। अधिकतर घर कच्चे ही बने हुए हैं। वहीं कुछ लोगों ने अपने घर के आगे का हिस्सा पक्का बनवा रखा है। गांव में शांति का माहौल है और लगभग हर घर के आगे जानवर बंधे हैं।
घर का पता पूछते हुए और कीचड़ से बचते हुए हम लोग बाइक से अभिमन्यु के घर के लिए चल दिए। घर के पास पहुंचे, तो एक बुजुर्ग महिला जानवरों को चारा लगाती हुई दिखी। उनसे बात की, तो उन्होंने बताया वो अभिमन्यु की दादी लीलावती हैं।
हमने उनसे पूछा, क्या घर में कोई और है? जिस पर वो नाराज हो गई। गुस्से में कहने लगी, जो बात करनी है हमसे करो। घर की औरतें बाहर नहीं आएंगी। वैसे भी सब लोग सुबह से बहुत परेशान हैं, अब और न करो। ऊपर से घर में कोई मर्द भी नहीं है। बिना आदमी के मेरे घर की औरतें बाहर नहीं निकलती।

ये अभिमन्यु की दादी हैं, जो उससे काफी परेशान और दुखी हैं।
“पुलिस रात 3 बजे आकर खूब तेज-तेज दरवाजा खटखटाने लगी”
इसके बाद हम लोग घर के बाहर ही खड़े होकर दादी से बात करने लगे। हमने दादी से जैसे ही अभिमन्यु का नाम लिया, वह रुआसी हो गई। उन्होंने कहा, वो तो पता नहीं कहां भाग गया? उसकी वजह से पुलिस हमारे घर पर आ गई। रात में हम लोग सो रहे थे। रात 3 बजे आकर खूब तेज-तेज दरवाजा खटखटाने लगी। हमारे लड़के ने दरवाजा खोला, तो उसको धक्का देकर घर के अंदर घुस आई। हमारे घर का दरवाजा भी तोड़ दिया।

“पुलिस वालों ने कमरे से लेकर छत तक सब छान मारे”
घर में सब कुछ तहस-नहस कर दिया। 20-25 लोग आए थे, बिना किसी से पूछे घर के अंदर घुस गए। पूरा घर खंगाल डाला। घर की औरतें बहुत परेशान हुईं। उन लोगों ने घर के सारे फोन भी ले लिए। हमसे पूछ रहे थे अभिमन्यु कहां है? कहां छुपाया है उसको? हम लोग उनको मना करते रहे, लेकिन वो हमारी एक नहीं सुन रहे थे।

अभिमन्यु के घर पर खेती-किसानी के अलावा पशु पालने का काम भी होता है।
कमरे से लेकर छत तक सब छान मारा। उसके बाद अभिमन्यु के भाई और पापा को साथ ले गए। हम लोगों ने रोका, तो धक्का देकर गिरा दिया। हम लोग तो ज्यादा कुछ जानते भी नहीं हैं, उसके बाद भी हमें परेशान किया गया। डर के कारण घर के सारे मर्द भाग गए हैं। अब देखो क्या होता है?
उन्होंने बताया, अभिमन्यु बचपन से ही नेताओं वाले काम करने लगा। हम लोगों को तो ये सब ज्यादा पसंद नहीं था लेकिन वो तो चुनाव के समय कई-कई दिन गायब रहता था। घर ही नहीं आता था। उसको बड़ा शौक था, बड़े-बड़े नेताओं के साथ फोटो खिंचवाना। उसके फोन में भी खूब फोटो हैं। यहां गांव में सबको दिखाता था। आज उन्हीं सब की वजह से ये सब हो रहा है।

पड़ोसी बोला-लेकिन परिवार को परेशान नहीं करना चाहिए था
अभिमन्यु की दादी से बात करने के बाद हम घर के बाहर बैठे थे, तभी हमें उसका पड़ोसी उदय नारायण यादव दिखाई दिया। हम उनसे बात करने के लिए उनके पास गए। उन्होंने बताया, लड़कों के चढ़ाने पर अभिमन्यु ने ऐसा काम किया है।
उसी को ढूंढने पुलिस आई थी, लेकिन परिवार को ऐसे परेशान नहीं करना चाहिए था। पुलिस ने तो इनके घर की पीछे वाली कुंडी भी तोड़ दी। इनका अब पूरा घर पीछे से खुल गया है। घर में महिलाएं थीं, फिर भी कोई महिला पुलिस साथ में नहीं आई थी। ये लोग घरवालों को डरा रहे थे। कह रहे थे, कहां छुपा रखा है उसको…जल्दी बाहर भेजो।

ये अभिमन्यू का घर है। उसका पूरा घर पक्का बना हुआ है। आगे के हिस्से में पशुओं को बांधा गया है।
अभिमन्यु ने कम उम्र में ही चुनाव लड़ लिया था
उदय ने हमें बताया, पढ़ाई में अभिमन्यु की खास रुचि नहीं रही। कम उम्र में ही वह चुनाव लड़ लिया था। लगभग 5 साल से सपा से जुड़ा था। ज्यादातर नेताओं के साथ ही रहता है। अभिमन्यु समाजवादी विचारधारा का है। पिछले चुनाव में इतना मेहनत करके इन सभी ने दारा सिंह चौहान को जिताया और अब वो पल्टी मार गए तो इनको बहुत बुरा लगा। तभी अभिमन्यु ने ये काम किया है। बता दें, अभिमन्यु के पापा चार भाई हैं। जबकि अभिमन्यु के तीन भाई हैं। घर पर सब खेती-किसानी का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य है।
अब पढ़िए इस मामले पर दारा सिंह चौहान ने क्या कहा था?

स्याही कांड को दारा सिंह ने बताया था विपक्ष की बौखलाहट।
स्याही फेंके जाने के बाद दारा सिंह चौहान ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा था, यह विपक्ष की बौखलाहट है। समाजवादी पार्टी को यह साफ तौर पर पता है कि वह भारी मतों से यह चुनाव हार रहे हैं। इसी बौखलाहट में समाजवादी पार्टी के गुंडे स्याही फेंकने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, इस चुनाव में उनकी भारी मतों से जीत होने जा रही है। इसी को लेकर समाजवादी पार्टी बौखलाई हुई है।
भाजपा नेता प्रिंस यादव पर आरोप लगाने पर उन्होंने कहा, आरोपी झूठ बोल रहा है। इसकी फोटो खुद अखिलेश यादव के साथ है। सपा ने इसको भेजा है। मैं साफ तौर पर कह रहा हूं कि यह सपा की बौखलाहट है। उनका जनाधार खत्म हो गया। इसलिए अब यह मनगढ़ंत आरोप लगवा रही है।
पढ़िए भाजपा नेता प्रिंस यादव ने मामले पर क्या बयान दिया?

ये भाजपा नेता प्रिंस यादव हैं। जिन्होंने मामले में अपनी सफाई दी है।
भाजपा नेता प्रिंस यादव ने कहा, ”यह घटना बहुत ही निंदनीय है। आपको बता दूं कि मैं दो दिन से कुशीनगर में था। वहां पर हमारे जिला पंचायत सदस्य भाजपा का वर्ग चल रहा था। जहां पर सदस्यों का प्रशिक्षण हो रहा था। तो मैं वहीं था। कल रात में मैं मऊ वापस आया था। तभी मैंने इस घटना का वीडियो देखा था।”
- इस घटना से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें-
दारा सिंह पर स्याही फेंकने वाला अभिमन्यु यादव किसका आदमी?:अखिलेश ने कहा-भाजपाइयों ने खुद फेंकवाई; BJP ने सपा प्रमुख के साथ हाथ मिलाते फोटो दिखाई

मऊ में भाजपा नेता दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने वाले युवक ने नाटकीय अंदाज में सरेंडर किया। आरोपी ने अपना नाम अभिमन्यु यादव बताया है। सोमवार सुबह 8.45 बजे आरोपी पैदल चलता हुआ कोपागंज थाने पहुंचा। कुछ कैमरामैन भी उसके साथ थे।
वहां थाने में सरेंडर से पहले कहा, “ये सब बीजेपी नेता की चाल है। बीजेपी नेता प्रिंस यादव है। उसने बोला कि तुम फेंक दो, हम लोगों का चुनाव फंस रहा है। इसी वजह से मैंने स्याही फेंक दी। उन लोगों ने कहा था कि तुमको बचा लेंगे। स्याही फेंकने के प्रकरण में मैं अकेले ही था।”(यहां पढ़ें पूरी खबर)