चित्रकूट37 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
चंद्रयान-3 की लैंडिंग टीम के युवा वैज्ञानिक के माता-पिता को सम्मानित किया गया।
महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय की प्रार्थना सभा मंच में आज चंद्रयान-3 की लैंडिंग टीम में रहे युवा वैज्ञानिक नीलेश सिंह के माता-पिता को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. भरत मिश्रा ने इसरो में युवा वैज्ञानिक नीलेश सिंह के पिता गगन सिंह और कुलसचिव नीरजा नामदेव ने उनकी माता आशा सिंह का शॉल, श्री फल और माल्यार्पण कर ग्रामोदय विश्वविद्यालय की ओर से सम्मानित किया।
बता दें कि युवा वैज्ञानिक नीलेश सिंह के पिता गगन सिंह महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सेवानिवृत कर्मचारी हैं। युवा वैज्ञानिक नीलेश सिंह के माता-पिता के सार्वजनिक सम्मान के बाद कुलपति प्रो. भरत मिश्रा ने अपने मार्गदर्शक उद्बोधन में कहा कि चंद्रयान-3 के अंतरिक्ष मे सफल अवतरण से भारत का गौरव बढ़ा है। प्रो. मिश्रा ने कहा किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति सतत प्रयास से मिलती है, युवाओं को इस सफलता से सीख लेनी चाहिए।
ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कृषि, प्रबंधन, प्रौद्यौगिकी, कला, विज्ञान संकाय के विद्यार्थियो ने विवेकानंद सदभावना खुला सभागार में आज की सामूहिक प्रार्थना सभा का आयोजन किया था। मानस मर्मज्ञ कृष्ण प्रताप तिवारी जानकीकुण्ड इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. भरत मिश्रा ने की। इस अवसर पर चंद्रयान 3 के सफल अवतरण प्रार्थना सभा गतिविधियों की श्रृंखला में कीर्ति, सिमरन, संध्या, मुस्कान, चंचलेश, अंकित, बंटी आदि (कृषि संकाय) ने ऊं का तीन बार उच्चारण, सरस्वती वंदना एवं कुलगीत प्रस्तुत किया।

चंद्रयान-3 की लैंडिंग टीम के युवा वैज्ञानिक के माता-पिता को सम्मानित किया गया।
सावन का कजरी गीत सुनाया
प्रबंधन संकाय के वैभव श्रीवास्तव ने श्रीमद्भागवत गीता के अंश और प्रौद्यौगिकी संकाय की प्रिया सिंह ने पढ़ी गई पुस्तक के प्रेरणादायक अंशों को पढ़ा। कला संकाय के छात्र-छात्राओं नंदनी, अंकिता पाठक, पुष्पांजलि, शांति, संस्कृति, कृष्णा दीक्षित, वैभव श्रीवास्तव, चंद्र आदि ने बहुत ही सुन्दर सावन गीत (कजरी) प्रस्तुत किया। विज्ञान संकाय की इशू सिंह और भारती सिंह ने युगल गीत के रुप में झूला गीत प्रस्तुत किया।
सामूहिक भजन किया गया
अकादमिक विभाग की ओर से डॉ. कुसुम सिंह में मासिक प्रतिवेदन पढ़ा। मुख्य अतिथि कृष्ण प्रताप तिवारी ने व्यक्तिगत प्रार्थना के महत्व और सार्वजनिक प्रार्थना के प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कुलपति प्रो. भरत मिश्रा ने अपना मार्गदर्शक उद्बोधन ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलगुरू के रूप में दिया। मंच में उपस्थित अधिष्ठाताओं और शिक्षकों द्वारा रघुपति राघव राजाराम का सामूहिक भजन हुआ। आवश्यक सूचनाओं का प्रसारण और प्रार्थना सभा का संचालन डॉ. आरके पांडे ने किया। इस अवसर पर ग्रामोदय विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र छात्राओं ने सहभागिता की।